दम तोड़ती दुनिया की बड़ी नदियां
Source:
वेब दुनिया हिन्दीदुनिया की 80 प्रतिशत आबादी (लगभग 5 अरब लोग) आज भी ताजे पानी के लिए गंगा, ब्रह्मपुत्र, यलो, मीकांग, नील, टाइबर, राइन, डेन्युब और अमेजन जैसी प्रमुख नदियों पर निर्भर है। लेकिन पिछले कुछ वर्षों से इन नदियों पर लगातार पड़ रहे दबाव व नदीतंत्र के अत्यधिक दोहन के परिणामस्वरूप इन नदियों पर गंभीर खतरा मड़राने लगा है। नदी के पर्यावरण के साथ हो रही छेड़छाड़, खेती और मानव उपयोग के लिए खींचे जा रहे पानी और प्रदूषण के कारण ये नदियां अब धीरे-धीरे दम तोड़ने लगी हैं।
विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि जलवायु परिवर्तन से होने वाले बदलावों का नदियों पर असर पड़ने से निकट भविष्य में करोड़ो लोगों के लिए भोजन और पीने के पानी का भयावह संकट उत्पन्न हो जाएगा।
नेचर जर्नल के ताजा अंक में प्रकाशित इस रिपोर्ट में कहा गया है कि पूरे विश्व में नदियों पर निर्भर 65 प्रतिशत जैव विविधता अत्यंत खतरे में है। रिपोर्ट में बताया गया है कि विश्व की 47 सबसे बड़ी नदियों में से 30 जो विश्व के ताजे पानी की लगभग आधी मात्रा प्रवाहित करती हैं, मध्यम खतरे की श्रेणी में हैं।
इसी प्रकार 8 नदियां 'जल सुरक्षा' की दृष्टि से बहुत अधिक खतरे में आंकी गई हैं, जबकि 14 नदियां की 'जैव विविधता' की दृष्टि से बहुत अधिक खतरे में होने के रूप में पहचान की गई हैं। स्कैंडेनेविया, साइबेरिया, उत्तरी कनाडा और अमेजन क्षेत्र और उत्तरी ऑस्ट्रेलिया में उष्णकटिबंधीय क्षेत्र की नदियों को सबसे कम खतरे में माना गया है।
अनुसंधान दल ने पाया कि विश्व के लगभग सभी क्षेत्रों में बहने वाली नदियों पर एक जैसे ही दुष्प्रभाव पड़ रहे हैं। चाहे वे नदियां विकसित देशों की हो या विकासशील देशों की।
बारहमासी प्रवाह वाली नदियां मानव जीवन के लिए तो जरुरी है ही, साथ ही प्राकृतिक चक्र को सुचारू बनाए रखने के लिए सबसे महत्वपूर्ण तत्व 'पानी' का मुख्य स्रोत है पर नदियों में होते लगातार क्षरण के कारण अब धरती की इस अमूल्य संपदा का भी तेजी से क्षय हो रहा है।
रिपोर्टः संदीप सिसोदिया (सौजन्य वेबदुनिया)
संपादनः ए कुमार
No comments:
Post a Comment