Friday, December 23, 2011

दुनिया का सबसे भारी व्यक्ति कौन है?


दुनिया का सबसे भारी व्यक्ति कौन है? उसका वजन कितना है? 

मैक्सिको के मैनुअल उरीबे को दुनिया का सबसे वजनदार व्यक्ति माना जा सकता है। इनका वजन गिनीज बुक के अनुसार 597 किलोग्राम तक हो गया था। 1965 में जन्मे उरीबे ने बाद में अपना वजन कम कर लिया, पर वे आज भी दुनिया के सबसे वजनी व्यक्ति हैं। यों रिकॉर्ड बुक में जॉन ब्राउनर मिनक का नाम दुनिया के सबसे वजनी व्यक्ति के रूप में दर्ज है, जिनका अधिकतम वजन 635 किलो था। 1941 में जन्मे जॉन का निधन 1983 में हो गया था।



चरित्र अभिनेता एके हंगल का जन्म कब और कहाँ हुआ था?-राजीव ग्रोवर और कुक्की राजा, मोतीनगर दिल्ली


अवतार कृष्ण हंगल का जन्म सन 1917 में सियालकोट में हुआ था।


कहाँ और कब पहली कार बनी?-रैना, गुड़गाँव 

                                                   

हालांकि शुरू में भाप से चलने वाली गाड़ियाँ बनी थीं, पर इंटरनल कॉम्बुशन इंजन से चलने वाली पहली कार सन 1870 में ऑस्ट्रिया के विएना शहर में सिग्फ्राइड मार्कस ने तैयार की। वह गैसोलीन से चलती थी। इसे फर्स्ट मार्कस कार कहते हैं। मार्कस ने ही 1888 में सेकंड मार्कस कार तैयार की जिसमें कई तरह के सुधार किए गए थे। इस बीच जर्मनी के मैनहाइम में कार्ल बेंज ने सन 1885 में तैयार की।


भारत में कुल कितने गाँव हैं?-कमल टेलर दिल्ली


सन 2011 की जनगणना के अनुसार हमारे देश में गाँवों की संख्या 6,38,000 है।


इंदिरा गांधी की शादी कब हुई थी? शानू वैलकम, सीलमपुर दिल्ली  
                               


श्रीमती इंदिरा गांधी और फिरोज़ गांधी का विवाह 26 मार्च 1942 को इलाहाबाद में हुआ था।


सफेद पालतू खरगोश की उम्र कितनी होती है?-मौक्तेश, गाजियाबाद


घरेलू खरगोश आमतौर पर 8 से 12 साल तक जीते हैं।


नॉटीकल मील क्या होता है? किलोमीटर से इसकी तुलना किस तरह की जा सकती है? नॉटीकल मील के आधार पर सबसे तेज चलने वाला वॉरशिप यानी युद्धपोत कौन सा है?-आशुतोष भारद्वाज, विकासपुरी, नई दिल्ली


नॉटीकल मील का इस्तेमाल आमतौर पर समुद्री और हवाई नेवीगेशन में होता है। लम्बाई के हिसाब से यह करीब 1852 मीटर या 6076 फुट होती है। सागर और आकाश के नेवीगेशन में आमतौर पर अक्षांश-देशांतर का इस्तेमाल होता है। भूमध्य रेखा और उससे उत्तर या दक्षिण में इसकी दूरी में मामूली फर्क भी आता रहता है।


सबसे तेज गति से चलने वाले युद्ध पोतों के बारे में अलग-अलग दावे होते रहते हैं। अलबत्ता अमेरिका का एम-80 स्टीलेटो करीब 50 नॉट यानी तकरीबन 90 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चल सकता है। नॉर्वे की स्कोल्ड नामक गश्ती बोट करीब 60 नॉट यानी 100 किलोमीटर की गति से चल सकती हैं।


किडनी खराब होने के क्या लक्षण शरीर में होते हैं? –अजय कुमार, साउथ गणेश नगर, नई दिल्ली
किडनी का सम्बंध खून को साफ करने से है। रक्त शोधन के बाद किडनी शेष तरल को पेशाब के रास्ते शरीर से बाहर भेज देती है। इसलिए आमतौर पर मूत्र विकार इसका पहला लक्षण है। पेशाब में जलन होना, खून या प्रोटीन आना, कमर और पेट में दर्द, थकान, कँपकँपी के साथ बुखार आना, उल्टी और थकान वगैरह भी इसके लक्षण हैं।


40 की उम्र में अगर सिर के बाल उड़ जाएं तो फिर दुबारा कैसे आएंगे?-बृजेश, मंगोलपुरी, दिल्ली
गिरे हुए बालों को उगाने के पहले चिकित्सक बालों को गिरने से बचाने के तरीके खोजने में लगे हैं। हमारे बालों की जड़ में होते हैं हेयर फॉलिकल्स। इनमें खराबी से बाल गिरते हैं। कई तरह के हार्मोन्स की कमी से भी गिरते हैं। चैसे कि टेस्टोस्टेरोन। इनमें जीन्स की भूमिका भी है। थायरॉयड या विटामिन बी-12 की कमी से भी बाल गिरते हैं और कीमो थिरैपी के कारण भी। अवबत्ता गंजे लोगों के सिर में बालों को प्लांट करने की तकनीक काफी विकसित हो चुकी है।


एनसीआर का फुलफॉर्म क्या है? इसका क्या मतलब होता है? –राजेश टिगरी, दिल्ली


नेशनल कैपीटल रीजन यानी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र। देश की राजधानी के आसपास का यह क्षेत्र हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में फैला है। इसका उद्देश्य है राष्ट्रीय राजधानी के चारों ओर का शहरी विकास। दिल्ली का अपना सीमा क्षेतेर है जिसे नेशनल कैपीटल टेरीटरी कहते हैं। इसके बाहर है एनसीआर। इसे सन 1962 में औपचारिक रूप से नोटीफाई किया गया था।


तितली की कितनी आँखें होती हैं? जोगेन्द्र शाह, मंडी हाउस, नई दिल्ली  
                                        

तितली की भी दो आँखें होती हैं, पर उसकी आँखें कम्पाउंड यानी संयुक्त होती हैं। उसके अनेक फोटोरिसेप्टर होते हैं। इस तरह देखें तो उसके हजारों आँखें होती हैं। मोटे तौर पर करीब बारह से बीस हजार आँखें। तितलियाँ देख तो सकती हैं लेकिन उनकी यह क्षमता सीमित होती है। इनकी आंखे बड़ी और गोलाकार होती हैं. इनमें हज़ारों सैंसर होते हैं जो अलग- अलग कोण में लगे रहते हैं। तितलियां ऊपर, नीचे, आगे, पीछे, दाएँ, बाँए सभी दिशाओं में एक साथ देख सकती हैं। इसका यह नुक़सान भी होता है कि वे किसी चीज़ पर अपनी दृष्टि एकाग्र नहीं कर पातीं और उन्हे धुंधला सा दिखाई देता है। पर वे किसी भी प्रकार की गति को भांप जाती हैं। इसीलिए जब कोई उन्हें पकड़ने के लिए हाथ बढ़ाता है तो उन्हें फ़ौरन पता चल जाता है और वे उड़ जाती हैं. 

विश्व का सबसे बड़ा स्वयंसेवी संगठन जो किसी सरकारी मदद पर निर्भर न हो कौन सा है?-अरुण, फरीदाबाद
दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ है बांग्लादेश रूरल एडवांसमेंट कमेटी या ब्रैक। सन 1971 के युद्ध से तबाह हुए देश में शरणार्थियों और अन्य पीड़ियों की मदद के लिए शुरू हुआ यह संगठन धीरे-धीरे एक विशाल संगठन का रूप ले चुका है। इसका अपना विश्विद्यालय है। इसके साथ एक लाख बीस हजार कर्मचारी जुड़े हैं।


डीटीएच क्या होता है? क्या इसको मोबाइल पर ले सकते हैं? इसका क्या खर्च है और इसे कैसे ले सकते हैं? राजेश, अलवर, राजस्थान
डायरेक्ट टु होम सैटेलाइट डिस्क को डीटीएच कहते हैं। इसके लिए आपको किसी भी डीटीएच कम्पनी की सेवा लेनी होगी। वह आपके घर में डिश लगाएगी और एक सेट टॉप बॉक्स के मार्फत आप प्रोग्राम देख सकते हैं। मोबाइल फोन पर भी टीवी प्रोग्राम देखे जा सकते हैं, पर वे इस डीटीएच सेवा के मार्फत नहीं हो सकते। इसके लिए पहले तो आपके फोन में टीवी देखने की सुविधा होनी चाहिए। भारत में बीएसएनएल ने मोबाइल फोन पर टीवी प्रसारण की सेवा शुरू की है। टाटा डोकोमो ने भी यह सेवा शुरू की है। जल्द तमाम कम्पनियाँ सामने आ जाएंगी। पर यह डीटीएच नहीं इंटरनेट टीवी है, जो थ्रीजी तकनीक के तहत है। 

शादी-विवाह में बजने वाले डीजे का फुलफॉर्म क्या है?-देवेन्दर चौधरी, ग्राम फरमाना, हरियाणा
डीजे का मतलब होता है डिस्क जॉकी। वह व्यक्ति जो श्रोताओं के लिए संगीत तय करता है या पेश करता है। डिस्क प्ले करता है।
एफएम गोल्ड के साप्ताहिक कार्यक्रम बारिश सवालों की में शामिल सवाल

4 comments:

  1. म श्री एडम्स केविन, Aiico बीमा ऋण ऋण कम्पनी को एक प्रतिनिधि हुँ तपाईं व्यापार को लागि व्यक्तिगत ऋण चाहिन्छ? तुरुन्तै आफ्नो ऋण स्थानान्तरण दस्तावेज संग अगाडी बढन adams.credi@gmail.com: हामी तपाईं रुचि हो भने यो इमेल मा हामीलाई सम्पर्क, 3% ब्याज दर मा ऋण दिन

    ReplyDelete
  2. वाय्ररस की खोज किसने की और कब की?

    ReplyDelete
  3. मोटर का आविस्कार किसने किया

    ReplyDelete

सूर्य को जल चढ़ाने का अर्थ

  प्रस्तुति - रामरूप यादव  सूर्य को सभी ग्रहों में श्रेष्ठ माना जाता है क्योंकि सभी ग्रह सूर्य के ही चक्कर लगाते है इसलिए सभी ग्रहो में सूर्...